जयपुर। विश्व विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और मेदांता अस्पताल के चेयरमैन पद्मश्री डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा है कि बढ़ती उम्र के साथ वजन ...
जयपुर। विश्व विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और मेदांता अस्पताल के चेयरमैन पद्मश्री डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा है कि बढ़ती उम्र के साथ वजन पर नियंत्रण और नियमित शारीरिक व्यायाम के जरिए हृदय रोगों से बचा जा सकता है। शुक्रवार को जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन (JTOA) द्वारा पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित अपने नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान डॉ. त्रेहन ने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य के लिए 'तीन आदतों' का मूल मंत्र दिया।
हृदय रोगों से बचाव के तीन सूत्र
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. त्रेहन ने कहा कि सामान्य जीवन में केवल तीन बदलाव लाकर हम गंभीर बीमारियों को दूर रख सकते हैं:
नियमित व्यायाम: प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट की शारीरिक गतिविधि अनिवार्य है। सप्ताह में कम से कम पांच दिन कसरत जरूर करें।
वजन पर नियंत्रण: बढ़ती उम्र के साथ वजन बढ़ना हृदय के लिए घातक है। आहार और जीवनशैली के तालमेल से वजन को नियंत्रित रखना सबसे जरूरी है।
तनाव प्रबंधन: मानसिक शांति के लिए योग और प्राणायाम को अपनाएं। एक शोध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग सामाजिक रूप से सक्रिय, खुशमिजाज और छल-कपट से दूर रहते हैं, वे अधिक लंबा और स्वस्थ जीवन जीते हैं।
राजस्थान और गुजरात में बढ़ते मामले
डॉ. त्रेहन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व में हृदय रोगों का सबसे ज्यादा बोझ भारत पर है। भारत में भी राजस्थान और गुजरात में हार्ट के मरीज अधिक हैं, जिसका मुख्य कारण यहां के खान-पान में चिकनाई (वसा) की अधिकता है। उन्होंने तनाव को कम करने और सात्विक जीवन जीने पर जोर दिया।
जयपुर से पुराना नाता और संस्मरण
राजस्थान से अपने जुड़ाव को याद करते हुए डॉ. त्रेहन ने बताया कि अमेरिका से लौटने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत के आग्रह पर उन्होंने एसएमएस अस्पताल में हृदय रोगों के उपचार की नींव रखने में मदद की थी। उन्होंने अपनी मशीनें भी एसएमएस अस्पताल को भेंट कर दी थीं, ताकि प्रदेश की जनता को बेहतर इलाज मिल सके। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक राजीव त्रेहन को भी धन्यवाद दिया और कहा कि वे राजनीतिक व्यक्तित्व है किंतु उनका सामाजिक सरोकारों से गहरा नाता है और उन्होंने पूरा जीवन लोगों की सेवा को ही समर्पित किया है।
नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. त्रेहन का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम के संयोजक राजीव त्रेहन ने बताया कि इस अवसर पर जेटीओए अध्यक्ष सतीश जैन, विधायक प्रशांत शर्मा, फोर्टी के सुरजाराम मील, राडा के राजन सरदार, सोनी अस्पताल के विमल राय सोनी, ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के सुनील शर्मा और पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा सहित शहर के कई गणमान्य चिकित्सक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
COMMENTS