इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और कंप्यूटर साइंस में प्राप्त किए पूरे 100 अंक, परिवार में खुशी की लहर जयपुर। गुलाबी शहर के नेहरू नगर स्...
जयपुर। गुलाबी शहर के नेहरू नगर स्थित एमकेबी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की होनहार छात्रा परी खान ने अपनी मेहनत, लगन और जज़्बे से शानदार कामयाबी हासिल करते हुए 96% अंक प्राप्त किए हैं। इस बेहतरीन नतीजे के साथ उन्होंने फर्स्ट डिविजन हासिल कर अपने स्कूल, समाज और वालिदैन का नाम रौशन कर दिया।
परी खान की यह कामयाबी महज़ एक इम्तिहान का नतीजा नहीं, बल्कि उनकी लगातार की गई कड़ी मेहनत, सब्र और इस्तिक़ामत की जीती-जागती मिसाल है। खास बात यह रही कि परी ने इंग्लिश (कंपल्सरी), पॉलिटिकल साइंस और कंप्यूटर साइंस जैसे अहम विषयों में 100 में से 100 नंबर हासिल कर मुकम्मल कामयाबी दर्ज की। यह उनकी ज़ेहनत, इल्मी शौक़ और बेहतरीन तैयारी का साफ़ सबूत है।
परी के वालिद (पिता) ने अपनी बेटी की इस कामयाबी पर बेहद खुशी का इज़हार करते हुए कहा,
"हमारी बेटी ने जिस तरह मेहनत और लगन से पढ़ाई की, वो हमारे लिए फख्र की बात है। हमें यकीन था कि वो अच्छा करेगी, लेकिन इतने शानदार नतीजे की हमें बेहद खुशी है।"
वहीं उनकी वालिदा (मां) ने भी जज़्बाती अंदाज़ में कहा,
"परी बचपन से ही मेहनती रही है। उसने दिन-रात मेहनत की और अल्लाह ने उसकी मेहनत को कामयाबी में बदल दिया। हम उसकी इस कामयाबी पर बहुत खुश हैं और दुआ करते हैं कि वो आगे भी इसी तरह कामयाबी हासिल करती रहे।"
स्कूल प्रशासन, परिवार और मोहल्ले वासियों ने भी परी खान की इस शानदार कामयाबी पर उन्हें दिली मुबारकबाद पेश की और उनके रोशन मुस्तकबिल के लिए नेक ख्वाहिशात का इज़हार किया।
परी खान की यह कामयाबी आज के नौजवानों के लिए एक पैग़ाम है कि अगर सच्ची मेहनत, लगन और हिम्मत के साथ आगे बढ़ा जाए, तो कामयाबी खुद-ब-खुद कदम चूमती है।
COMMENTS