योग, ध्यान और आत्मचिंतन से मिली आंतरिक शांति की अनुभूति जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार प्रातः स...
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार प्रातः सोवेनियर पिपरमिंट होटल, शास्त्री नगर में आयोजित 'स्पिरिचुअल रिट्रीट : ए जर्नी विदिन' में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योग, हीलिंग मेडिटेशन और माइंडफुलनेस के माध्यम से प्रतिभागियों को आंतरिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन रजनी भार्गव और हेमंत भार्गव ने किया। दोनों ने प्रतिभागियों को ध्यान, श्वास अभ्यास और माइंडफुलनेस के विभिन्न सत्रों के माध्यम से मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। कार्यक्रम की मेजबानी डॉ. आशीष गौड़ एवं डॉ. अलका गौड़ ने की।कार्यक्रम में सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने योग, ध्यान और आध्यात्मिक जागरूकता को स्वस्थ एवं संतुलित समाज की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में इस प्रकार के आयोजन लोगों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
वक्ताओं ने कहा कि वास्तविक परिवर्तन की शुरुआत व्यक्ति के भीतर से होती है। जब मन शांत होता है, तभी व्यक्ति स्वयं को बेहतर ढंग से समझ पाता है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। रिट्रीट के दौरान प्रतिभागियों ने हीलिंग मेडिटेशन, आत्मचिंतन और माइंडफुलनेस के अभ्यास में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित रूप से योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आशीष गौड़ व डॉ. अलका गौड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं के लिए कुछ समय निकालता है, तभी वह जीवन को बेहतर ढंग से जी पाता है। ध्यान और माइंडफुलनेस आत्मविश्वास, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन का प्रभावी माध्यम हैं।
COMMENTS