जयपुर, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चौगान स्टेडियम, जयपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में वर्ल्ड चैंपियन इनाया ख...
जयपुर, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चौगान स्टेडियम, जयपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में वर्ल्ड चैंपियन इनाया ख़ान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व विजेता बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार (District Level Award) से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहे। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित अनेक गणमान्यजन, अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे। समारोह में सामाजिक, संगीत, खेल, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने इनाया ख़ान को प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
महज 14 वर्ष की आयु में इनाया ख़ान ने अमेरिका में आयोजित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2026 में विश्व स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही वे “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।
शकील ख़ान ने बताया कि इनाया की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार और जयपुर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। इतनी कम उम्र में विश्व विजेता बनने के साथ सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद इनाया ख़ान ने संदेश दिया, “बेटियों को अवसर, शिक्षा और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकती हैं।”
COMMENTS